कासगंज में इंसानियत शर्मसार! नाले में मिला नवजात, सफाई के दौरान नगर पालिका कर्मियों ने निकाला
कासगंज। जनपद कासगंज में इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। अशोक नगर स्थित सरकारी अस्पताल से पहले एक नाले में नवजात शिशु मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने नवजात बच्चे को नाले में फेंक दिया।
जानकारी के मुताबिक, नगर पालिका की सफाई टीम जब नाले की सफाई करने पहुंची, तभी सफाई के दौरान कर्मचारियों की नजर नाले में पड़े नवजात पर पड़ी। बच्चे को बाहर निकाला गया तो मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
बताया जा रहा है कि नवजात लड़का है। हालांकि बच्चे को किसने और किन परिस्थितियों में नाले में फेंका, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
घटना की जानकारी मिलते ही मामले को लेकर पुलिस को सूचना दी गई। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर इस मासूम को जन्म देने के बाद कौन नाले में छोड़ गया? क्या यह किसी मजबूरी का मामला है या फिर नवजात को जानबूझकर मौत के मुंह में धकेला गया?
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के जरिए नवजात को नाले में फेंकने वाले व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश की जा सकती है।
एक मासूम, जिसने अभी दुनिया देखी भी नहीं थी, उसे नाले में छोड़ दिया गया। इस घटना ने एक बार फिर समाज और प्रशासन के सामने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अब देखना होगा कि पुलिस इस मासूम को नाले में फेंकने वाले तक कब पहुंचती है और उसके खिलाफ क्या कार्रवाई होती है।


