अमांपुर (कासगंज)।
वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की 195वीं जन्म जयंती के अवसर पर बुधवार को अमांपुर कस्बा देशभक्ति और उत्साह के रंग में रंगा नजर आया। वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी लोक सेवा कल्याण सेवा समिति के तत्वावधान में भव्य जन्म जयंती शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोगों ने भाग लेकर वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
शोभायात्रा में पांच दर्जन से अधिक आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। बैंड-बाजों की गूंज और वीरांगना के जयकारों से पूरा अमांपुर गुंजायमान हो उठा। जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया और झांकियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़कों के किनारे मौजूद रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व सांसद राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया रहे। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष कासगंज नीरज शर्मा, अमांपुर विधायक श्री हरिओम वर्मा तथा सदर कासगंज विधायक श्री देवेंद्र सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
शोभायात्रा में हजारों की संख्या में क्षेत्रीय जनता की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और भव्य बना दिया। युवाओं, महिलाओं और बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। लोग वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी के जयकारे लगाते हुए शोभायात्रा के साथ आगे बढ़ते नजर आए।
इस दौरान वक्ताओं ने वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी के साहस, शौर्य, त्याग और देशभक्ति को याद करते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि वीरांगना अवंतीबाई लोधी ने देश की स्वतंत्रता और सम्मान के लिए अदम्य साहस का परिचय दिया था। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
अमांपुर में निकली यह भव्य शोभायात्रा देर तक लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। पांच दर्जन से अधिक झांकियों और हजारों लोगों की मौजूदगी ने वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की जयंती को यादगार बना दिया।
रिपोर्ट -RK वर्मा (मीडिया हाउस कासगंज)


