एक पल में उजड़ गया परिवार का सपना, रोते-बिलखते परिजनों की चीखों से गूंज उठा पूरा गांव, ग्रामीणों ने पीछा कर चालक को दबोचा।
कासगंज/ढोलना।
घर से स्कूल जाते समय किसी ने नहीं सोचा था कि 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली ज्योति की यह आखिरी पढ़ाई होगी। गागावास गांव निवासी प्रताप सिंह की बेटी ज्योति स्कूल से घर लौट रही थी। घर वाले उसकी राह देख रहे थे, लेकिन कुछ ही देर बाद जो खबर पहुंची, उसने पूरे परिवार की दुनिया उजाड़ दी।
बताया जा रहा है कि एमएल पब्लिक स्कूल, हिम्मतपुर सई से छुट्टी होने के बाद ज्योति घर लौट रही थी। इसी दौरान हाईवे पर निर्माण कार्य में लगे एक कैंटर ने उसे साइड से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ज्योति सड़क पर गिर गई और गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक कैंटर लेकर भागने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए उसका पीछा किया और बहेड़िया के पास उसे पकड़ लिया। सूचना मिलते ही ढोलना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कैंटर व चालक को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
जैसे ही हादसे की खबर गांव पहुंची, पूरे गागावास में मातम छा गया। परिजन बदहवास होकर घटनास्थल पहुंचे। बेटी का शव देखकर मां बेसुध हो गई, जबकि पिता प्रताप सिंह और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। गांव में हर किसी की आंखें नम थीं और लोग इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध थे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। चालक के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


