कासगंज। जिले में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब निर्माणाधीन नए 530 बी हाईवे पर पुलिस लाइन के पास एक प्रशिक्षण विमान (ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट) हाईटेंशन बिजली के तारों से टकराकर नीचे गिर गया। हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
अलीगढ़ एयरपोर्ट अधिकारी अनिल कुमार द्वारा प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह विमान अलीगढ़ की हवाई पट्टी से उड़ान भरने वाला प्रशिक्षण विमान था। बताया जा रहा है कि विमान को एक प्रशिक्षु युवती कायनात उड़ा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक प्रशिक्षु युवती कायनात रास्ता भटक गई थी और विमान में चामुंडा क्षेत्र के पास से ही तकनीकी गड़बड़ी के संकेत मिलने लगे थे। पायलट ने विमान को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस लाइन के पास पहुंचते ही विमान बिजली के तारों से टकरा गया और हाईवे किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण बिना अपनी जान की परवाह किए मौके पर पहुंचे और विमान में फंसी प्रशिक्षु युवती को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया। उनकी तत्परता से राहत एवं बचाव कार्य की शुरुआत हुई।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस, दमकल विभाग और एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और प्रशासन हादसे के कारणों की जांच में जुटा हुआ है।
गनीमत रही कि विमान आबादी के बीच नहीं गिरा, अन्यथा यह हादसा कहीं अधिक भयावह हो सकता था। फिलहाल घायल पायलट की स्थिति और विमान में मौजूद अन्य लोगों के संबंध में आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
टाइम टीवी न्यूज़ इस घटना से जुड़ी हर बड़ी अपडेट आप तक सबसे पहले पहुंचाता रहेगा।




