जिलाधिकारी की निर्वाचन से सम्बंधित प्रेसवार्ता, मीडिया बन्धु आमंत्रित।
संवाददाता-राजकुमार लोधी
कासगंज: नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन 2023 को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने एवं आदर्श चुनाव आचार संहिता के अनुपालन हेतु जिलाधिकारी हर्षिता माथुर की अध्यक्षता में आज रविवार 16 अप्रैल, 2023 को पूर्वान्ह 11ः30 बजे, कलेक्ट्रेट सभागार में निर्वाचन सम्बंधी प्रेसवार्ता आहूत की गई है।
अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी वैभव शर्मा द्वारा उक्त जानकारी देते हुये बैठक में समस्त प्रिंट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया बन्धुओं को आमंत्रित किया गया है।
-----------
नगरीय निकाय निर्वाचन हेतु मास्टर ट्रेनरों को दिया गया प्रशिक्षण।
आयोग के दिशा निर्देशों का भलीभांति अध्ययन कर लें-जिलाधिकारी
कासगंज: नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन 2023 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिये जिलाधिकारी हर्षिता माथुर की अध्यक्षता में, कलेक्ट्रेट सभागार में मास्टर ट्रेनरों को निर्वाचन सम्बंधी प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। जिसमें सभी तैनात 20 मास्टर ट्रेनरों को गहनता से प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान मतदान अधिकारियों एवं पीठासीन अधिकारियों के कर्तव्यों एवं दायित्वों की गहनता से जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले की 03 नगरपालिका परिषद व 07 नगर पंचायतों के अध्यक्ष एवं सदस्यों के चुनाव के लिये 11 मई को मतदान तथा 13 मई 2023 को मतगणना होनी है। मास्टर ट्रेनरों द्वारा अन्य निर्वाचन कार्मिकों को ट्रेनिंग दी जायेगी। राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों का शतप्रतिशत पालन करें। मतदान के दौरान आने वाली समस्याओं, पीठासीन अधिकारी की डायरी, एरोक्रास सील, मतपेटिका, टैण्डर वोट, चैलेंज वोट, निर्वाचन प्रपत्र, निर्वाचन सामग्री आदि के सम्बंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त कर लें। कर्तव्य निर्वहन में कहीं कोई गलती न होने पाये।
जिला प्रशिक्षण अधिकारी द्वारा निर्वाचन प्रशिक्षण में बताया गया कि नगरीय निकाय निर्वाचन को सम्पन्न कराने में प्रत्येक पोलिंग पार्टी में एक पीठासीन अधिकारी व तीन मतदान अधिकारी तैनात होंगे। 1200 से अधिक मतदान वाले पोलिंग बूथ पर एक अतिरिक्त मतदान अधिकारी नियुक्त किया जायेगा। 11 मई को प्रातः 07 बजे से सायं 06 बजे तक मतदान कराया जायेगा। प्रत्येक वार्ड से एक सदस्य व प्रत्येक नगरीय निकाय से 01 अध्यक्ष के लिये चुनाव होगा। नगर पालिका परिषद व नगर पंचायतों के सदस्यों के लिये गुलाबी रंग का मतपत्र होगा। नगर पंचायत अध्यक्ष हेतु सफेद मतपत्र तथा नगर पालिका अध्यक्ष हेतु हरे रंग का मतपत्र होगा। मतदान कार्मिक मतपेटिका लेते समय उसे खोल कर और बंद कर अवश्य चैक कर लें। वोट देने हेतु एरोक्रास सील ही मान्य होगी। पोलिंग बूथ पर कोई घटना हो तो डायरी पर तथ्यों सहित नोट कर ली जाये।
मुख्य विकास अधिकारी/प्रभारी अधिकारी कार्मिक सचिन ने कहा कि सभी मास्टर ट्रेनर पूर्ण प्रशिक्षित होकर अन्य निर्वाचन कार्मिकों को प्रशिक्षण देंगे। आयोग के निर्देशों का भली भांति अध्ययन कर लें। जिला प्रशिक्षण अधिकारी से समन्वय बनाकर नियमों की पूरी जानकारी कर लें।
प्रशिक्षण के दौरान डीआईओएस, बीएसए एवं समस्त मास्टर ट्रेनर उपस्थित रहे।
------------
17 अप्रैल से शुरू हो जायेगी नामांकन प्रकिया।
कासगंज: जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिता माथुर ने बताया कि जनपद में द्वितीय चरण में नगरीय निकाय चुनाव होना है। जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा रविवार 16 अप्रैल, 2023 को तथा निर्वाचन अधिकारियों द्वारा 17 अप्रैल 2023 को सार्वजनिक सूचना जारी की जायेगी।
17 अप्रैल से 24 अप्रैल 2023 तक पूर्वान्ह 11 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक नाम निर्देशन पत्रों का क्रय व उन्हंे भर कर जमा करने की अवधि रहेगी। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 25 अप्रैल को पूर्वान्ह 11 बजे से कार्य समाप्ति तक होगी। अभ्यर्थन की नाम वापिसी का समय 27 अप्रैल को पूर्वान्ह 11 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक रहेगा। प्रतीक आवंटन 28 अप्रैल को होगा। मतदान 11 मई को प्रातः 7 बजे से अपरान्ह 6 बजे तक तथा मतगणना 13 मई 2023 को प्रातः 8 बजे से कार्य की समाप्ति तक होगी।
जिले में 03 नामांकन स्थल बनाये गये हैं। नामांकन स्थल श्री गणेश इंटर कालेज कासगंज में नगर पालिका परिषद कासगंज, नगर पालिका परिषद सोरों एवं नगर पंचायत बिलराम के प्रत्याशियों की नामांकन प्रक्रिया सम्पन्न कराई जायेगी।
नामांकन स्थल श्री भागवत राष्ट्रीय इण्टर कालेज पटियाली में नगर पालिका परिषद गंजडुण्डवारा, नगर पंचायत पटियाली, मोहनपुर, सिढ़पुरा एवं नगर पंचायत भरगैन के प्रत्याशियों की नामांकन प्रक्रिया सम्पन्न कराई जायेगी। जबकि नामांकन स्थल तहसील मुख्यालय सहावर में नगर पंचायत अमांपुर एवं सहावर के प्रत्याशियों की नामांकन प्रक्रिया सम्पन्न कराई जायेगी।
