कासगंज।
शहर के अशोक नगर में नूरानी मस्जिद के पास उस वक्त सनसनी फैल गई, जब 17 वर्षीय नेहा पुत्री बाबू खां मेवा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक छत पर पड़ा मिला। सुबह शव मिलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
बताया जा रहा है कि बाबू जय जय राम मोहल्ला निवासी फतेह सिंह सुबह अपने फार्म पर चिड़ियों को दाना डालने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर छत पर पड़ी एक युवती पर गई। पास जाकर स्थिति संदिग्ध नजर आने पर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। डॉग स्क्वॉड, फोरेंसिक टीम, सदर सीओ, एडिशनल एसपी और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और मौके से साक्ष्य जुटाने का प्रयास शुरू किया।
पुलिस ने मृतका की पहचान 17 वर्षीय नेहा के रूप में की और उसके परिजनों को सूचना दी। परिजनों के मौके पर पहुंचने के बाद बताया गया कि नेहा मंगलवार रात करीब 12 बजे से घर पर नहीं थी। परिजनों के अनुसार वह घर से कुछ पैसे और अपने जरूरी दस्तावेज लेकर गई थी।
इधर, घर में नेहा की बड़ी बहन निशा की शादी की तैयारियां चल रही थीं। परिवार शादी की खुशियों में व्यस्त था, लेकिन सुबह आई नेहा की मौत की खबर ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया।
अब सबसे बड़ा सवाल-नेहा की मौत कैसे हुई?
नेहा रात में घर से निकली तो आखिर किसके साथ गई थी? वह अशोक नगर की उस छत तक कैसे पहुंची? क्या उसकी हत्या कहीं और करने के बाद शव यहां लाकर फेंका गया, या वारदात इसी जगह हुई? इन तमाम सवालों का जवाब अभी पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा।
फिलहाल किसी आरोपी का नाम या गिरफ्तारी सामने नहीं आई है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, फोरेंसिक जांच और अन्य सुरागों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है।
एक तरफ घर में शादी की तैयारियां थीं और दूसरी तरफ सुबह छत पर मिली नेहा की लाश ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। अब पुलिस के सामने चुनौती है कि इस रहस्यमयी मौत की गुत्थी सुलझाकर असली घटनाक्रम और जिम्मेदार व्यक्ति का पता लगाया जाए।



